Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date: Sat ,26 Aug 2017 06:08:22 pm |
समाचार नाऊ ब्यूरो लखनऊ: सपा के संरक्षक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने केन्द्र सरकार को चीन से सर्तक रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में किसी भी कीमत पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। वह चीन के मामले में केन्द्र सरकार के साथ हैं। राजधानी के बख्शीतालाब क्षेत्र में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे यादव ने कहा कि मैं पिछले 20 सालों से कह रहा हं कि देश को खतरा पाकिस्तान से नहीं बल्कि चीन से है।
उन्होंने कहा भारत को सबसे बड़ा खतरा चीन से है। चीन पड़ोसी देश के साथ मिलकर देश को नुकसान पहुंचाने की तैयारी में लगा है। चीन लगातार देश की सीमा पर अतिक्रमण कर रहा है। चीन और पाकिस्तान का गठबंधन भारत के लिए खतरनाक है। इस बात को गंभीरता से लेना चाहिए। पूर्व रक्षा मंत्री ने चीन से सतर्क रहने जरूरत बताते हुए नाराजगी जताई कि बार-बार इस मुद्दे को उठाने के बावजूद केन्द्र सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है। चीन सिक्कम और भूटान पर कब्जे की साजिश रच रहा है।
गौरतलब है कि यादव ने भारत और चीन के बीच बढ़ती तल्खी को लेकर मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में सरकार से कहा कि उन्हें संसद को यह बताना चाहिए कि पड़ोसी देशों से जो चुनौतियां मिल रही हैं, उनसे निपटने के लिए सरकार ने क्या किया है। भारत आज चीन से बड़े खतरे की चुनौती का सामना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में केन्द्र सरकार को पिछले कई वर्षों से लगातार चेताया जा रहा है। चीन ने पाकिस्तान से साथ हाथ मिला लिया है। भारत पर हमले की अपनी पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने चीन को भारत का सबसे बड़ा दुश्मन बताया था। उन्होंने कहा था कि कश्मीर में चीन की सेना लगातार पाकिस्तान के सुरक्षा जवानों का सहयोग कर रही है।
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.