Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date:15:59:03 PM / Sat, Jun 4th, 2016 |
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पांच देशों अफगानिस्तान, कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मेक्सिको की यात्रा पर रवाना होने के बाद पहले पड़ाव अफगानिस्तान पहुंचे. अफगानिस्तान में पीएम नरेंद्र मोदी और अफगान के राष्ट्रपति असरफ गनी ने संयुक्त रूप से अफगान भारत मैत्री बांध 'सलमा डैम' का उद्घाटन किया. मौके पर मोदी ने कहा कि यह बांध अफगानिस्तान का नया भविष्य लिखेगा. यह बांध भारत के सहयोग से बना है. 1500 भारतीय और अफगानी इंजीनियरों ने इस बांध का निर्माण किया है. इससे 42 मेगावाट बिजली अफगानिस्तान को मिलेगी.
मोदी ने कहा, 'यह परियोजना न सिर्फ हेरात के 560 गांवों को पानी देगा बल्कि प्रांत के 2.5 लाख घरों को बिजली भी देगा. डैम का नाम अफगान-इंडिया फ्रेंडशिप डैम रखने के लिए मैं राष्ट्रपति अशरफ गनी का आभार जताता हूं.' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह प्रगति की दिशा में अफगानिस्तान का एक और बड़ा कदम है. यह परियोजना सिर्फ घरों को रोशनी ही नहीं देगी, बल्कि क्षेत्र का पुनरुद्धार भी करेगी. उम्मीद लौटाएगी, अफगानिस्तान के भविष्य को फिर से परिभाषित करेगी. पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में ईरान से भारत के हुए चाबहार समझौते से भी अफगानिस्तान को फायदा होगा. नरेंद्र मोदी ने अफगानी सेना की भी तारीफ की.
मोदी ने कहा कि इसी सप्ताह कुछ दिनों में रमजान का महीना शुरू हो रहा है. यह माह इबादत का है. भारत और अफगानिस्तान के बीच भाईचारे के संबंध को यह डैम इस रमजान के महीने और पवित्र एवं प्रगाढ़ बनायेगा. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा : विश्वभर के मुसलमान भाईयों को आने वाले रमजान पर्व की दिल से शुभकामनाएं देता हूं.
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.