Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date: Tue ,05 Sep 2017 06:09:16 pm |
समाचार नाऊ ब्यूरो : डोकलाम विवाद खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आज यहां सकारात्मक माहौल में बैठक हुई जिसमें आपसी रिश्तों को ‘स्थिर’ और ‘स्वस्थ’ बनाए रखने की खातिर सीमा पर शांति एवं यथास्थिति बहाल रखने एवं परस्पर विश्वास को बढ़ाने पर बल दिया गया। नौवीं ब्रिक्स शिखर बैठक में भाग लेने चीन की तीन दिन की यात्रा पर आए मोदी की यात्रा के आखिरी चरण में मेकाबान देश के राष्ट्रपति के साथ एक घंटे से अधिक समय तक चली द्विपक्षीय बैठक में ब्रिक्स संबंधी विषयों एवं द्विपक्षीय मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई।
बैठक में माना गया कि भारत एवं चीन के संबंधों में स्थिरता एवं शांति रहनी चाहिए। यह भी माना गया कि रिश्तों में प्रगति के लिये सीमा पर शांति एवं स्थिरता इसकी पूर्वशर्त है। दोनों देशों ने सीमा पर आपसी विश्वास बढ़ाये जाने के अधिक उपायों पर जोर दिया और कहा कि अगर कहीं कोई मतभेद है तो उसे परस्पर आदर के साथ सुलझाया जाना चाहिए
बैठक में यह भी माना गया कि सीमा पर दोनों ओर के सुरक्षा बलों एवं सेनाओं में हर हाल में संपर्क एवं सहयोग बनाए रखना होगा ताकि डोकलाम जैसी घटनाएं दोबारा न हों। दोनों देशों ने संबंधों में प्रगति के लिए पहले से स्थापित विभिन्न मंचों का पूरा-पूरा इस्तेमाल किए जाने पर बल दिया। डोकलाम की घटना से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों देश जानते हैं कि वहां क्या हुआ था। यह बातचीत भविष्योन्मुखी थी, न कि बीते वक्त की ओर जाने वाली।

बैठक में भारत की ओर से प्रधानमंत्री के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, डॉ. जयशंकर, विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) प्रीति सरन, प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव गोपाल बागले, चीन में भारत के राजदूत विजय गोखले और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार मौजूद थे। चीनी प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति जिनपिंग के अलावा विदेश मंत्री वांग यी, स्टेट काउंसलर यांग जिची और विदेश मंत्रालय के मुख्य प्रवक्ता लू कांग मौजूद थे।
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.