Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date: Thu ,10 Aug 2017 06:08:57 pm | Updated Date: Thu ,10 Aug 2017 06:08:30 pm
समाचार नाऊ ब्यूरो नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भाजपा संसदीय पार्टी की बैठक को संबोधित किया। बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत सभी सांसद मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत किया और पिछले तीन वर्षों के दौरान पार्टी अध्यक्ष के रूप में उनके कामकाज की प्रशंसा की। मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी का अध्यक्ष होना कोई आसान काम नहीं है और अमित शाह ने अपने कौशल एवं कठिन परिश्रम से पार्टी संगठन का सफलतापूर्वक विस्तार किया है। पीएम ने अमित शाह का मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
पीएम मोदी ने कहा कि जिनती मौज-मस्ती करनी थी कर ली अब अध्यक्ष जी (अमित शाह) आ गए हैं जो अब सब बंद हो जाएगा। पीएम मोदी ने सदन में सांसदों की अनुपस्थिति के मुद्दे को उठाते कहा कि सदन में सांसदों को उपस्थित रहना चाहिए। उन्होंने कहा आप खुद को क्या समझते हैं। आप लोग कुछ नहीं है, मैं भी कुछ नहीं हूं, सबसे ऊपर पार्टी है। पार्टी के बिना कोई कुछ नहीं है
मोदी ने कहा कि आपको बार-बार व्हिप क्यों देना पड़ता है, अटेंडेंस के लिए क्यों बोलना पड़ता है। ठीक है जिसको जो करना है करे, 2019 में मैं देखूंगा। मानसून सत्र खत्म होने से पहले ये आखिरी बैठक थी।
बैठक के दौरान शाह ने संकेत दिए कि अहमद पटेल वाले मामले में कोर्ट जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि गुजरात राज्यसभा चुनाव में तीन सीटों में से दो सीटों पर भाजपा जीती है, वहीं एक सीट पर कांग्रेस जीती है। शाह पहली बार राज्यसभा पहुंचे हैं, वहीं स्मृति ईरानी लगातार दूसरी बार राज्यसभा पहुंची।
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.