Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date: Wed ,02 Aug 2017 11:08:28 am |
समाचार नाऊ ब्यूरो कैमूर : गया-कैमूर-मुगलसराय रेलखंड पर बुधवार सुबह मालगाड़ी पटरी से उतर गयी. इससे गया-कैमूर-मुगलसराय रेलखंड पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया. घटना के बाबत आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ भी जानकारी नहीं दी गयी है. घटना सुबह करीब चार बजे की बतायी जा रही है.
गया-कैमूर-मुगलसराय रेलखंड पर कैमूर जिले के कर्मनाशा रेलवे स्टेशन के पूरब की ओर कुलहड़िया गांव के पास डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी की 14 बोगियां पटरी से नीचे उतर गयीं. हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. रेल दुर्घटना से गया-कैमूर-मुगलसराय रेलखंड पर रेल आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है. रेल सेवा पूरी तरह बाधित हो जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अप और डाउन दोनों लाइन पर कई ट्रेनें फंसी हुई हैं. दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है. साथ ही मौके पर रेलवे के पदाधिकारी व कर्मचारी पहुंच चुके हैं. मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से हावड़ा-आनंद बिहार एक्सप्रेस कुदरा स्टेशन पर खड़ी है. ट्रेन के यात्री हलकान हैं. स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि उक्त ट्रेन को सासाराम से आरा होते हुए मुगलसराय भेजने की तैयारी की जा रही है.
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.