Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date: Wed ,05 Apr 2017 06:04:05 pm |
भारत का सबसे बड़ा टैक्स रिफॉर्म होने जा रहा है। पिछले सप्ताह गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) बिल लोकसभा में पास हो गया है। अब जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। इसके लागू होने के बाद व्यापार में लेनदेन की लागत कम हो जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि जीएसटी आने के बाद देश की अर्थव्यवस्था को एक नया टॉनिक मिल सकता है। ऐसी संभावना की जा रही है कि जीएसटी आने के बाद जीडीपी में 2% की बढ़ोतरी हो सकती है। आइये हम आपको बताते हैं जीएसटी आने के बाद क्या महंगा हो जाएगा और क्या सस्ता हो जाएगा।
ये सर्विस हो सकती हैं महंगी
मोबाइल बिल
लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी को रिन्यू कराना
बैंकिंग और इनवेस्टमेंट से जुड़ी सेवाएं
इसके अलावा आम आदमी से जुड़ी बेसिक सर्विस जैसे वाईफाई, डीटीएच सर्विस और ऑनलाइन टिकट बुक करना महंगा हो सकता है।
महंगी हो सकती हैं ये जरूरी सेवाएं
घर का किराया बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य सेवाएं महंगी हो सकती हैं।
स्कूल की फीस बढ़ सकती है।
कोरियर भेजना महंगा हो सकता है।
मेट्रो और रेल से यात्रा करना भी महंगा हो सकता है।
इसके अलावा टीवी वॉशिंग मशीन और गैस स्टोव की कीमत में भी 2 से 3 फीसदी की बढ़ोतरी या कमी हो सकती है। जीएसटी आने के बाद स्वास्थ्य के लिए हानिकारक चीजों जैसे तंबाकू, सिगरेट और कुछ ड्रिंक्स के भी दाम में इजाफा हो सकता है।
जीएसटी आने के बाद फिल्म देखना और थियेटर में परफोर्मेंस देखना सस्ता हो सकता है। इसके अलावा रेस्टोरेंट में खाना खाना भी सस्ता हो सकता है। जरूरी चीजों में छूट या कम दर निर्धारित की जाती है। वहीं जीएसटी में घर के खर्चों को ध्यान में रखा गया है। इसमें वर्तमान आपूर्ति श्रृंखला व्यवस्था और ऑपरेशन की स्थिति में सुधार से चीजें सस्ती हो जाएंगी। दोपहिया वाहन, शुरूआती सेडान कार सस्ती हो सकती हैं। (सेडान कार वह होती हैं जिनमें पीछे सामान रखने के लिए अलग से डिक्की दी होती है। जैसे स्विफ्ट डिजायर, हुंडेई एक्सेंट आदि)। सस्ती होने वाली कारों में छोटी कार शामिल नहीं हैं। मतलब हैचबैक कारें जैसे मारूति स्विफ्ट, हुंडेई आई 10 जैसी कारें सस्ती होने की उम्मीद नहीं है। इसके अलावा एसयूवी और लग्जरी कारें भी सस्ती हो जाएंगी। एसयूवी कारें जैसे महिंद्रा स्कॉर्पियो, टाटा सफारी आदि।
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.