Breaking News
By समाचार नाऊ ब्यूरो | Publish Date: Sat ,18 Mar 2017 05:03:50 pm |
समाचार नाऊ ब्यूरो प्रवासी भारतीय उद्योगपति हिंदुजा बंधु का ब्रिटेन में सबसे अमीर एशियाई होने का तमगा 2017 में भी बरकरार रहा। उनके पास अनुमानत: 19 अरब पौंड की संपत्ति थी जिसमें एक साल पहले के मुकाबले 2.5 अरब पौंड की वृद्धि हुई है। ईस्टर्न आई एशियन रिच लिस्ट की ब्रिटेन के 101 सबसे अमीर एशियाई-2017 की सूची कल रात जारी की गई।
सूची में यह भी हैं शामिल
सूची में हिंदुजा के बाद दूसरा स्थान इस्पात कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल का रहा। उनकी कुल संपत्ति 12.6 अरब पौंड आंकी गई जो पिछले साल 6.4 अरब पौंड थी। इस सूची के अनुसार लंदन में श्रीचंद एवं गोपी, जिनीवा में प्रकाश और मुंबई में अशोक हिंदुजा बंधुओं की अशोक लीलैंड, इंडसइंड बैंक, गल्फ ऑयल, ऊर्जा एवं रियल एस्टेट इत्यादि कंपनियों के लाभ में जबरदस्त तेजी देखी गई है।
लंदन के मेयर सादिक खान ने 20वें वार्षिक एशियाई बिजनेस अवार्ड्स में धनी लोगों की सूची की पहली प्रति हिंदुजा समूह के सह-अध्यक्ष जी.पी. हिंदुजा को भेंट की। ब्रिटेन के 101 अमीर एशियाई लोगों की कुल संपत्ति 69.9 अरब पौंड आंकी गई है जो पिछले साल की 55.4 अरब पौंड के मुकाबले 25 प्रतिशत अधिक है। इस सूची में इंडोरामा कारपोरेशंस (पेट्रोकेमिकल्स) के चेयरमैन प्रकाश लोहिया का स्थान तीसरा है। उनकी संपत्ति 4 अरब पौंड आंकी गई। वेदांता समूह के कार्यकारी चेयरमैन अनिल अग्रवाल और अरोरा बंधु (साइमॉन, बॉबी और रॉबिन) सूची में चौथे स्थान पर हैं। प्रवासी भारतीय लॉर्ड स्वराज पॉल इस सूची में 14वें स्थान पर हैं। उनकी अनुमानित संपत्ति 80 करोड़ पौंड रही जो कि पिछले साल तक 30 करोड़ डालर पर थी।
All rights reserved © 2013-2026 samacharnow.com
Developed by Mania Group Of Technology.